रविवार, 9 फ़रवरी 2020

कहानी//भीमा गुरु//शुचि(भवि)

जीवनशैली में आई गिरावट को दर्शाती रचना
हरिद्वार की हरकी पौड़ी पर बेहद ही चहल पहल सी थी।विष्णु,अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मस्त मलंग हो भीड़,अभिराम दृश्यों का आनंद ले टहल रहा था। बिटिया की अंगुली बीच बीच में छूट जाती थी तो वो पापा,पापा कह दौड़ती आती थी।
छोटा बेटा माँ के साथ धीरे धीरे कुछ कदम पीछे चहलकदमी करता चल रहा था।
      बिटिया ने अचानक पिता की अंगुली खिंची और एक कचड़े के ढेर की तरफ इशारा किया।
एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति,कचड़े के ढेर में से कुछ चुन कर खा रहा था।विष्णु अपनी बिटिया का हाथ थामे कुछ पास गया।ध्यान से चुपचाप अधेड़ व्यक्ति को देखता रहा।वह कचड़े में से चने,फल्ली,इत्यादि अन्न के दाने चुन कर खा रहा था।
     विष्णु ने देखा पास ही एक चाय का ठेला है।बिटिया की छमछम के साथ वह चाय के ठेले से एक ब्रेड खरीद लाया। अधेड़ व्यक्ति के एकदम निकट पहुँच उसे थपथपाते हुए बुलाया और ब्रेड देते हुए बोला,"आपके लिए है श्रीमान,खा लें,शायद आप भूखे हैं??"
     वह अधेड़ व्यक्ति उठा,घूमा और गुस्से में तमतमाते हुए बोला,"माफ़ कीजियेगा,आपने क्या मुझे भिखारी समझा है?मैंने तो आपसे भीख नहीं मांगी,,मांगूगा भी क्यों? पास के गाँव में मेरी कइयों एकड़ जमीन है,मेरे बेटे उसमें खेती करते हैं,बड़ा मकान,दुकान सब कुछ है मेरे पास उस ईश्वर की दया से,ये ब्रेड आप ही खाएँ।"
     विष्णु और नन्ही बिटिया के आश्चर्य का ठिकाना न रहा।अधेड़ व्यक्ति फिर से कचड़े से चने चुन कर खाने लगा।विष्णु भी अब चने चुनने लगा और कुछ चने खुद खाये और कुछ बिटिया को दिए।दूर खड़ी पत्नी और बेटे को भी आवाज़ दी चने लेने,पर वे नाक भों सिकोड़ पास तक भी न आये।बिटिया चने खाते हुए पूछने लगी,"बाबा,आपके पास सबकुछ है,फिर ये कचड़ा क्यों खाते हो?"
     अब वह उस बिटिया की ओर पलटा और मुस्कुराते हुए बोला,"बेटे ये कचड़ा नहीं,अन्न देवता है,कुछ बेवकूफों ने अन्न ब्रह्म को यहाँ फेंक कर उसका  अपमान किया है ,मैं तो बस अन्न देवता को मान दे रहा हूँ,और बाबा नहीं,मेरा नाम भीमा है बिटिया।"
       विष्णु की आँखों से निर्मल गंगा बह निकली।झुक कर उसने भीमा के पाँव छुए और बिटिया से भी यही करने कहा।विष्णु और भीमा ने कुछ देर बातचीत की और विदा हुए।
      बिटिया को ब्रेड देते हुए पिता ने कहा कि ये भीमा गुरु का प्रसाद है,जिसे वो सम्हाल कर रखे।बिटिया ने पूछा, गुरु???वो कैसे पापा???
       विष्णु ने उसे समझाते हुए कहा, गुरु वही होता है जो केवल ज्ञान देता ही नहीं बल्कि उस ज्ञान को जीता भी है।भीमा हमारा गुरु इसलिए हुआ बिटिया क्योंकि वो "अन्न ब्रह्म है",इस ज्ञान को जीता है।हर वो व्यक्ति हमारा गुरु है बिटिया ,जो हमें कुछ साकार ज्ञान दे जिसे वो स्वयं जीता भी हो।
      इस घटना को कई वर्ष बीत गए,परंतु आज भी ,उस नियत तारीख,भीमा गुरु का प्रसाद ,जो अब सूखी ब्रेड (टोस्ट ) है,के कुछ टुकड़े विष्णु और उसकी बिटिया खाते हैं और तब से अब तक न ही थाली में,न रसोई में,न ही किसी पार्टी में,वे दोनों ही ,अन्न ब्रह्म का अपमान कुछ जूठन छोड़ कर ,कभी नहीं करते हैं।--शुचि(भवि)

शनिवार, 8 फ़रवरी 2020

नहीं रही मेरी मां की मां-दोराहा हुआ बेगाना सा

 दोराहा का नाम लेते ही काटेगी गहरी उदासी
दोराहा (लुधियाना): 8 फरवरी 2020: (कार्तिका सिंह//पंजाब स्क्रीन ब्लॉग टीवी)::
एक गीत मेरे जन्म से भी बहुत पहले लोकप्रिय हुआ करता था-
नानी  अम्मा नानी अम्मा मान जाओ। 
छोड़ो भी यह गुस्सा 
ज़रा हंस के दिखाओ-
नानी अम्मा नानी अम्मा जाओ। 
लेकिन मेरी मां की मां अर्थात मेरी नानी गोबिंद कौर आज मुझसे हमेशां के लिए रूठ गई। सुबह सुबह पांच बज कर 12 मिनट पर मेरी नानी अम्मा की तबीयत कुछ बिगड़ी और सुबह सुबह 5:30 पर उसने हमेशां के लिए अलविदा कह दी। मौत उनको छीन के लेजा चुकी थी। अनहोनी हो चुकी थी। हम सभी भी दोराहा पहुंचे। उसी घर में जहां से कभी मेरी मां ने शादी के बाद का नया जीवन शुरू करने के लिए विदा ली थी। नानी ने उसे दुल्हन के लिबास में विदा किया था। फिर अचानक 10 जुलाई 2013 को मेरी मां कल्याण कौर सुबह सुबह करीब 3:30 बजे मुझे और मेरी बहन शीबा को हमेशां के लिए छोड़ गई। सुबह सुबह जब लोग भगवान की साधना तपस्या करते  हैं उस समय उसकी तबियत कुछ घबराई थी। उस ने मुझ से पानी ले कर दो घूंट पानी पिया और लेट गईं लेकिन हमेशां की नींद। मुझे यूं लगा था जैसे हम दोनों बहनों के हाथों से हमारा सारा संसार अचानक इतनी गहरी खामोशी से छिन  गया। मौत का मूक और भयावह चेहरा हमने पहली बार इतनी निकटता से देखा था। पापा भी उस समय लैपटॉप पर अपना काम कर रहे थे। हम में से कोई कुछ नहीं कर पाया। हम लुटे लुटे से सब देखते रह गए। उस असहनीय दर्द के समय नानी ने हमें बहुत हौंसला दिया। जब भी मन उदास होता हम दोराहा नानी के घर चले जाते। कुछ देर वहां रह कर ऐसे लगता जैसे मां से मुलाकात हो गई। हम खुश हो कर घर लौट आते। नानी का घर खुशी का घर बन गया था। मां से मुलाकात कराने वाला जादू का घर। आज उसी घर में नानी की मृत देह रखी थी। उदासी का माहौल। मासियां मामियां सब रो रहीं थीं। सब की तरह मैंने भी चादर हटा कर नानी का चेहरा देखा। यूँ लग रहा था जैसे नानी किसी गहरी नींद या गहरी समाधी में हो। दो चार आवाज़ें भी दी लेकिन नानी नहीं बोली। मैंने उस कमरे से बाहर आ कर देखा। आस पड़ोस के लोगों और रिश्तेदारों की भीड़ लगी थी। घर का एक एक कोना मुझे याद दिला रहा था यहां नानी हमें देसी घी के परांठे खिलाया करती थी। इस दीवार की तरफ नानी हमारे लिए खीर बनाया करती थी। उस कोने में नानी अचार से भरा बड़ा सा मर्तबान हमें घर के लिए बांध दिया करती थी। उन दीवारों को देख कर बहुत कुछ याद आया। कभी लगता बस इधर से आएंगे बीजी और कहेंगे कम से कम दो परांठे और खाओ। कभी लगता बीजी अभी अभी कमरे से निकलेंगे और कहेंगे खीर कम क्यों डाली पूरी प्लेट भर कर खाओ। लेकिन किसी न किसी के रोने पर हर बार कल्पना टूट जाती। बार बार हकीकत का भान होता कि अब बीजी कभी नहीं आएंगे। कालेज की पढ़ाई और मां के बिन घर चलाना आसान नहीं होता।  इसलिए मैं चाह कर भी काफी समय से नानी के पास नहीं जा पायी। आज जब चिता जल रही थी  अग्नि में से बीजी का चेहरा नज़र आने लगा। आवाज़ भी सुनाई देती महसूस हुई जैसे कह रहे हों अब आई हो! कुछ पहले आ जाती! 
अफ़सोस हम उस देश में हैं जहां ज़िंदगी के झमेले हमें वक़्त रहते एक दुसरे से मिलने भी नहीं देते। जैसे रोज़ी रोटी के लिए विदेशों में गए लोग भी किस न किसी का देहांत होने के समय अपने बज़ुर्गों के पास नहीं होते उसी तरह हम स्वदेश में रह कर भी छोटे छोटे झमेलों में उलझे रहते हैं। जब तक निकल पाते हैं तब तक बहुत देर हो  चुकी होती है जैसे कि मुझे हो गई। अभी तीन दिन पहले उनसे वीडीओ कॉलिंग पर बात हुई।  वह कमज़ोर तो दिख रहे थे लेकिन ऐसा तो नहीं लगता था कि वह हमेशां  के लिए चले जायेंगे। 
वास्तव में दुःखों का दीमक उन्हें भी बहुत पहले लग चूका था। इसका गम--उसका गम न जाने कितने गम। शायद यही हमारी सभी की नियति बन गई है। हम सभी के साथ भी यही होता है या फिर होने वाला होता है। पूरे परिवार को संभालने और बच्चों को सैट करने में उन्होंने लगातार संघर्ष किया। सभी बच्चों के शादी विवाह और पढ़ाई लिखाई कोई आसान काम नहीं था। उन्होंने उस समय में बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाई जब ज़माने की हवा बेटियों को पढ़ाने के खिलाफ चल रही थी। पूरे समाज के साथ टक्कर ले कर उन्होंने समाज के नव निर्माण में योगदान दिया। मुझे मेरी मां अपनी मां अर्थात मेरी नानी की बहुत सी बातें बताया करती थी। आज वह सभी बातें एक एक करके याद आ रही हैं लेकिन नानी के जाने बाद। काश यह सब पहले याद आ जाता। उनके होते होते याद आ जाता। मौत हमें कितना बेबस कर देती है और न जाने कितना कुछ याद भी दिला देती है। वही आज हम सभी के साथ भी हो रहा है।  
अंत में नानी मां को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए सन 1966 में आई फिल्म दादी मां का लोकप्रिय गीत सुनिए, देखिये और पढ़िए जिसे लिखा था जनाब मजरूह सुल्तानपुरी साहिब ने और संगीत से सजाया था रौशन जी ने। इस यादगारी गीत के लिए आवाज़ें थीं महेंद्र कपूर, मन्ना डे और ऊषा मंगेशकर जी ने। 
उसको नहीं देखा हमने कभी
पर इसकी ज़रुरत क्या होगी
ऐ माँ, ऐ माँ तेरी सूरत से अलग
भगवान की सूरत क्या होगी, क्या होगी
उसको नहीं देखा हमने कभी

इनसान तो क्या देवता भी
आँचल में पले तेरे
है स्वर्ग इसी दुनिया में
क़दमों के तले तेरे
ममता ही लुटाये जिसके नयन
ऐसी कोई मूरत क्या होगी
ऐ माँ, ऐ माँ तेरी सूरत...

क्यों धूप जलाए दुखों की
क्यों गम की घटा बरसे
ये हाथ दुआओं वाले
रहते हैं सदा सर पे
तू है तो अँधेरे पथ में हमें
सूरज की ज़रुरत क्या होगी
ऐ माँ, ऐ माँ तेरी सूरत...

कहते हैं तेरी शान में जो
कोई ऊँचे बोल नहीं
भगवान के पास भी माता
तेरे प्यार का मोल नहीं
हम तो यही जानें तुझसे बड़ी
संसार की दौलत क्या होगी
ऐ माँ, ऐ माँ तेरी सूरत  से अलग भगवान की सूरत क्या होगी--क्या होगी!
अभी कुछ लिखा नहीं जा रहा। वक़्त गुज़रने के साथ शायद इस सदमे को सहने की कुछ शक्ति मिले। अगली पोस्ट में मां के संघर्षों की चर्चा भी होगी और नानी के संघर्षों की भी। इस लिए नहीं कि वह मेरी मां और नानी हैं बल्कि इसलिए कि समाज को बदलने के लिए भी उन्होंने काफी कुछ किया। आज भी समाज को ऐसी महिलाओं  की सख्त  ज़रूरत है जो बदलाव के काम में योगदान दे सकें।  सह प्रयास--कार्तिका सिंह//शीबा सिंह